पीलीभीत के बीसलपुर में बरेली से आई एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। उसने पैमाइश के लिए एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये रिश्वत ली थी।
पीलीभीत के बीसलपुर तहसील क्षेत्र में खेत की पैमाइश कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में राजस्व निरीक्षक हरि ज्ञान सिंह को एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार दोपहर बीसलपुर के ईदगाह चौराहे पर पकड़े गए बरेली के भुता निवासी हरि ज्ञान सिंह के खिलाफ सुनगढ़ी थाने में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, बीसलपुर के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी रिंकू गंगवार ने बताया कि बढ़ेपुरा घारम गांव में अपने खेत की पैमाइश कराने के लिए वह अमृता खास क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक के चक्कर लगा रहे थे। इसके लिए 10 हजार रुपये मांगने पर उन्होंने इन्कार कर दिया तो गलत नक्शा प्रस्तुत कराकर पैमाइश संबंधी उनका आवेदन निरस्त करा दिया गया। इससे परेशान होकर रिंकू ने बरेली स्थित एंटी करप्शन संगठन से संपर्क कर शिकायत की।
विज्ञापन
टीम ने रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता से राजस्व निरीक्षक को तहसील रोड स्थित फोटो फ्रेमिंग की अपनी दुकान पर रुपये लेने के लिए बुलवाया। वहां राजस्व निरीक्षक ने रुपये लेने से मना कर ईदगाह चौराहा पर पहुंचकर देने को कहा। टीम भी वहां पहुंच गई और रकम लेते ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ मुख्यालय ले गई।
एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मिल रही शिकायतों के कारण उसे एक अगस्त को ही तहसील मुख्यालय से अटैच किया गया था। अब रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने पर राजस्व निरीक्षक हरि ज्ञान सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा गया है।