जहानाबाद। थाना क्षेत्र के ग्राम बाकरगंज में दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आठ नामजद व अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में पीड़ित पक्ष के दो लोगों को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है।
जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम बाकरगंज निवासी इम्जियाज अली ने थाना जहानाबाद में दी तहरीर में बताया कि चार सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे गांव के ही सलीम, इस्तियाग, हामिद, इम्तयाज, अलताफ, अख्तर, जीमल, तसलीम, गुलफसां सहित अन्य अज्ञात लोग एकजुट होकर उसके परिजनों पर टूट पड़े।
आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नियत से उसके ससुर छोटेशाह, शराफत शाह, ताहिर, साला रेहान, वुआ खातून, भाई दिलशाद और जीशान को घेरकर लाठी-डंडों, बांका और तलवारों से हमला कर घायल कर दिया। घटना में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। स्थिति गंभीर होने पर छोटेशाह और शराफत शाह को चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।