टाइगर रिजर्व की माला रेंज में गढ़ा बैरियर पर तैनात निकासी मुंशी रूपलाल वर्मा ने रविवार को केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर पिटाई करने और गॉली गलौज का आरोप लगाया था। पुलिस को दी तहरीर में उसने केंद्रीय मंत्री पर जंगल में आग लगने का कारण पूछने के साथ उससे अभद्रता कर कार्यकर्ताओं के सामने पिटाई की। इस मामले की उसने मौखिक शिकायत डीएम से भी की थी। थाना पहुंच रविवार रात तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रविवार को पुलिस ने जांच किए जाने की बात कहकर निकासी मुंशी को टरका दिया। दूसरे दिन भी पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। रिपोर्ट दर्ज न होने से निकासी मुंशी काफी आहत है। उसका आरोप है कि पुलिस दबाव के चलते कार्रवाई से बच रही है और उसपर ही कार्रवाई न करने का दबाव बना रहे हैं। सोमवार को उसने तहरीर की कॉपी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मानवाधिकार आयोग, डीएम, व डीएफओ को भेजी है साथ ही मुख्यमंत्री के लिए विधायक हेमराज को कॉपी दी है।
नहीं हुई कार्रवाई तो जाऊंगा कोर्ट
केंद्रीय मंत्री की पिटाई से आहत निकासी मुंशी रूपलाल ने बताया विभाग में नौकरी के दौरान उसका जीवन बेदाग रहा है। अधिकारियों ने हमेशा उसके काम की प्रशंसा की लेकिन अब जब वह रिटायरमेंट के करीब है तब केंद्रीय मंत्री ने उसकी पिटाई कर अपमानित किया है। घटना के खिलाफ तहरीर दी है अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो कोर्ट की शरण में जाऊंगा।
बैठक में वनमंत्री के सामने पेश होगा मामला
जिले के दौरे पर आए वनमंत्री फरीद महफूज किदवई मंगलवार को बराही गेस्ट हाउस में वनाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। पीड़ित वनकर्मी ने बताया कि बैठक में पहुंचकर वनमंत्री के सामने मामला रखा जाएगा।
वनकर्मी की तहरीर थाने पहुंच गई है। घटना की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जेके शाही, एसपी