पूरनपुर। होटल में तमंचे लहराते हुए डांस करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी नीलेश पांडेय के पास से तमंचा और दो कारतूस, विनेश पांडेय के पास से तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर रविवार को तमंचा लहराते हुए लोगों के डांस करने और बाद में होटल के बाहर मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था। जांच दरोगा अरुण कुमार को सौंपी गई। जांच के बाद दरोगा अरुण कुमार की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा गया है कि कोतवाली रोड स्थित मधुवन होटल में पहुंचकर जांच की गई। जांच में बर्थडे पार्टी में शराब पीकर युवकों के डांस करने व डिवाइडर पर युवक पीटने का मामला सही मिला।
पुलिस ने राज उर्फ आयुष पांडेय, नीलेश पांडेय, नितेश पांडेय, विनेश पांडेय, मैंकू चौधरी उर्फ उज्जल चौधरी, जीशान, सुमित सचदेवा, शाहिद और मृणाल गुप्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि नीलेश पांडेय, नितेश पांडेय, निवेश पांडेय को तमंचा लहराने और होटल के बाहर मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। संवाद