बीसलपुर। कोतवाली पुलिस ने बरेली मार्ग के भड़रिया मोड़ पर बुधवार सुबह भूखंड पर कब्जे से संबंधित विवाद में की गई फायरिंग के मामले में बरेली के सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगीपुर अकोला निवासी नन्हीं देवी ने बताया कि बरेली मार्ग के भड़रिया मोड पर उनका एक भूखंड है। उस भूखंड पर इस समय निर्माण चल रहा है।
कुछ लोगों ने बुधवार सुबह भूखंड से संबंधित रंजिश को लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचकर उनके पति अवनीश कुमार से गाली-गलौज और मारपीट की। पति को बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने नन्हीं देवी को धारदार हथियारों से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर कार पर सवार होकर भाग गए। भागने से पहले हमलावरों ने उनके पति पर जानलेवा हमला करते हुए कई राउंड फायरिंग की। पति ने छुपकर बमुश्किल जान बचाई। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि नन्हीं देवी की तहरीर पर जानलेवा हमले के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में बरेली के थाना बिथरी चैनपुर के गांव कचौली निवासी हरीश कुमार, नारायण पटेल, गब्बर पटेल, बरेली के ही थाना भुता क्षेत्र के गांव दासपुर निवासी गजेंद्र पटेल, गांव केसरपुर निवासी किशन पटेल को नामजद किया गया। उनके दो साथियों को अज्ञात बताया गया है।