पीलीभीत। सावन का पहला सोमवार 22 जुलाई को है। इसके मद्देनजर जिले के प्रमुख शिवालयों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। शिव मंदिरों मेें जलाभिषेक का सिलसिला तड़के ही शुरू हो जाएगा। इधर कांवड़ियों का एक जत्था रविवार को कछला के लिए रवाना हुआ।
शहर के ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर, दुग्धेश्वर नाथ मंदिर, अद्र्धनारीश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पहले सोमवार को लेकर शिव मंदिरों में आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंधक किए हैं। मंदिर के आसपास बेरिकेडिंग की गई है। गौरीशंकर मंदिर के महंत पंडित जयशंकर ने बताया कि मंदिर में तड़के से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। इस दौरान रुद्राभिषेक भी होगा। कछला से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िये भी बड़ी संख्या में जलाभिषेक करेंगे। उन्होंने बताया कि भगवान शिव को सफेद फूल ज्यादा पसंद हैं। सफेद शुभता का प्रतीक है। इसके अलावा जिले के अन्य शिवालयों को भी सजाया संवारा गया है।
कछला रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था
श्रावण मास में पवित्र नदियों का जल लाकर जलाभिषेक की परंपरा है। हर साल जिले से हजारों की संख्या में कांवड़िये कछला घाट जाते हैं। रविवार को शहर के प्राचीन गौरीशंकर मंदिर से कांवड़ियों के जत्थे कछला घाट रवाना हुए। यह जत्थे सोमवार को गौरीशंकर मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।
सड़कों पर अफसर, कराया सुरक्षा का अहसास
पीलीभीत। सावन माह के पहले सोमवार को लेकर पुलिस विभाग अलर्ट है। एक दिन पूर्व रविवार को पहले सोमवार को लेकर ड्यूटी संबंधी समस्त तैयारियां पूरी कर ली गईं। जिले भर के शिवालयों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा कांवड़ियों को सकुशल शिवालयों तक पहुंचाने के लिए भी टीमें बनाई हैं।
रविवार शाम को सुरक्षा बंदोबस्त का अहसास कराने के लिए अधिकारी खुद सड़कों पर आए। एएसपी रोहित मिश्र ने सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, इंस्पेक्टर सुनगढ़ी सत्यप्रकाश सिंह, आरआई निरोत्तम सिंह कोतवाल अजब सिंह समेत थाना एवं पुलिस लाइन के फोर्स के साथ पैदल गश्त की। मेन बाजार, लकड़ी मंडी, चौक बाजार, रामलीला मार्ग, रोडवेज, जेपी रोड समेत मुख्य मार्गों से अफसर गुजरे और संभ्रांत लोगों से बातचीत की गई। मंडी समिति पहुंचकर कावंड़ियों के ठहरने को किए गए बंदोबस्त भी परखे गए। एसपी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को लेकर समस्त तैयारी कर ली गई हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। किसी को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। अगर कोई खुराफात करने की कोशिश करता है, तो सख्ती से निपटा जाएगा।