केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के अस्थाई निवासी वाली बिल्डिंग में स्थित खाद की दुकान में हुई लूटपाट की घटना की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरों का प्रिंटआउट निकलावकर पुलिस लुटेरों की शिनाख्त के लिए गांवों की धूल फांक रही है। पुलिस का मानना है कि लुटेरे शहर के आसपास के ही हैं।
18 दिसंबर की रात लुटेरों ने बीसलपुर हाइवे पर स्थित शंकर साल्वेंट में स्थित दुकानों की रखवाली कर रहे चौकीदार गुरुदेव को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया था। शंकर साल्वेंट के मालिक के परिवार के ही श्रीकांत अग्रवाल की खाद की दुकान का शटर तोड़कर लूटपाट करने लगे। हालांकि गश्त कर रही पुलिस के पहुंचने पर लुटेरे बड़ी घटना को अंजाम नहीं दे सके थे और पुलिस पर फायरिंग कर दुकान में रखी सात हजार रुपये की नगदी लूटकर ले जाने में सफल हो गए थे।
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से लुटेरों की तस्वीरें प्राप्त की हैं। पुलिस का मानना है कि लुटेरे जिले के ही हैं। इनमें शामिल दो-तीन लुटेरे शहर से सटे गांवों के भी हो सकते हैं। घटना के खुलासे में लगी पुलिस ने तस्वीरों का प्रिंट आउट निकलवाया है। पुलिस टीम गांवों में जाकर लुटेरों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घटना के बाद हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिली है। उन्होंने आशंका जताई कि लुटेरे जिले के ही और शहर से सटे गांवों के हैं। लुटेरों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।