बीसलपुर के मोहल्ला बख्तावर लाल में बंद पड़ी राशन की दुकान संवाद
पूरनपुर। राशन वितरण का रोस्टर जारी होने के बाद भी बृहस्पतिवार को पूरनपुर, बीसलपुर और अमरिया क्षेत्र की कई दुकानें बंद रहीं। इससे यहां पहुंचने वाले लोगों को राशन नहीं मिल सका।
जिला पूर्ति अधिकारी की ओर से मई माह का राशन वितरण के लिए रोस्टर जारी किया गया। इसमें सुबह छह बजे से 12 और दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक राशन वितरण कराए जाने के निर्देश दिए गए। बृहस्पतिवार को बकरीद का त्योहार था। विभागीय अफसरों की ओर से इसको लेकर कोई दिशा निर्देश नहीं दिए गए। ऐसे में राशन कोटेदारों ने मनमर्जी से दुकानों को खोला। अधिकांश इलाकों में इसका मिलाजुला असर देखने को मिला। पूरनपुर क्षेत्र में बकरीद को लेकर नगर की अधिकांश राशन कोटे की दुकानें बंद रहीं। कुछ दुकानें खुलीं, लेकिन उन पर ग्राहकों की भीड़ नहीं थी। पूर्ति निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि राशन की दुकानों पर 25 मई से खाद्यान्न वितरण कराया जा रहा है। वितरण कार्य 10 जून तक होगा। बृहस्पतिवार को बकरीद के कारण दुकानों को खोलने या न खोलने के लिए कोटेदारों को छूट दी गई। संवाद