रामलीला मेला के तहत
बुधवार को नगर में बैंडबाजों के साथ शिव बारात निकाली गई। जिसका जगह-जगह
स्वागत किया गया। शिव बारात में काली का अखाड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। इसी
के साथ ही नगर का रामलीला मेला शुरू हो गया। जिसका समापन दस नवंबर को
राजतिलक शोभायात्रा के साथ होगा।
ठाकुरद्वारा मंदिर से पूजन के बाद नगर
में शिव बारात निकाली गई। जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शाम को
रामलीला मेला मैदान में पहुंचकर समाप्त हो गई। शिव बारात में सबसे आगे
बैंडबाजे, उसके पीछे विष्णु दरबार, शिव जी, राम दरबार, सांई बाबा, चक्र
घुमाते वीर अभिमन्यु आदि की झांकियां थीं। बदायूं के उझानी से आए काली
अखाड़ा के कलाकार विभिन्न हैरत अंगेज करतब दिखाते चल रहे थे। शिव बारात में
श्रीराम लीला मेला कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सक्सेना, अशोक खंडेलवाल, सुनील
सक्सेना, मेला कमांडर श्रीकृष्ण शर्मा, रजनीश सक्सेना, रामभजन वर्मा, विजय
दीक्षित, हरीश चौहान, राकेश कुमार, मोनू त्रिपाठी, ओमकार गुप्ता आदि थे।
मेला कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सक्सेना ने बताया कि शिव बारात के साथ ही नगर
का रामलीला मेला शुरू हो गया। बृहस्पतिवार से रामलीला का मंचन शुरू किया
जाएग। नौ नवंबर को रावण वध, दस नवंबर को राजतिलक शोभायात्रा के साथ मेले का
समापन होगा। शिव बारात में सुरक्षा को लेकर सीओ राजेश्वर सिंह, इंस्पेक्टर
शक्ति सिंह टीम के साथ मौजूद रहे।