पीलीभीत। शहर के गांधी स्टेडियम में मंगलवार को हुई जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में रामा इंटर कॉलेज की टीम ने बाजी मारी। रामा कॉलेज ने पेनाल्टी शूटआउट से पब्लिक इंटर कॉलेज की टीम को 3-2 से हराया। प्रतियोगिता में नौ इंटर कॉलेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की टीम का भी चयन किया गया।
फुटबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर की ओर से गांधी स्टेडियम में किया गया। उद्घाटन जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह व जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने कहा कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी उचित ध्यान देना चाहिए। प्रतियोगिता में रामा इंटर कॉलेज पीलीभीत, पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज जोगीठेर, सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज अमरा करोड़, एसएन इंटर कॉलेज पीलीभीत, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पीलीभीत, सी एंड जे इंटर कॉलेज कलीनगर, गुरु नानक इंटर कॉलेज माधौपुर इटौरिया की टीमाें ने प्रतिभाग किया।
सेमीफाइनल मैच में पब्लिक इंटर कॉलेज ने सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रामा इंटर कॉलेज ने सी एंड जे इंटर कॉलेज कलीनगर को हराया और फाइनल मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमें निर्धारित समय में एक भी गोल नहीं कर सकीं। आखिर में पेनाल्टी शूटआउट में रामा इंटर कॉलेज की टीम 3-2 से विजयी रही। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि चयनित टीम 18 अगस्त से बरेली में होने वाली मंडलीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
बच्चों की टीम का हुआ चयन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बच्चों की टीम का चयन किया गया। टीम में रोहन देवान, जीत मलिक, चिरंजीत मंडल, समरेश सरकार, भोला, अमन मिस्त्री, अभिनव, अंश, शांतनु, प्रखर त्रिपाठी, कृष्णा, राम त्रिपाठी, कृष्णा सूर्यवंशी व जतिन शामिल हैं। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए संजय सरकार, अखिलेश शर्मा, जय हिंद मौर्य आदि का योगदान रहा।
फुटबाल प्रतियोगिता में दमखम दिखाते खिलाड़ी स्रोत : आयोजक