कलीनगर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियो को किया गया पुरस्कृत।स्रोत: आयोजक
कलीनगर। यूथ क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को दूसरा लीग मैच हुआ। इसमें जूनियर क्रिकेट टीम कलीनगर को 51 रन से हराकर रायपुर किंग्स शाहगढ़ ने मैच जीत लिया। बेहतर प्रदर्शन करने पर रायपुर किंग्स के अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
रायपुर किंग्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 181 रन बनाए। इसमें जसवीर ने 36, रंजीत ने 35, रनवीर ने 28, रुपिंदर और रणवीर ने 21-21 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जूनियर क्रिकेट कलीनगर की टीम 13 वें ओवर में 130 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
जूनियर टीम के बल्लेबाजों पाला, प्रियांशु और नितिन ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन खराब रहा। रायपुर किंग्स के गेंदबाज अभिषेक ने चार, बच्चूूलाल और रुपिंदर ने दो-दो विकेट लिए। बेहतर प्रदर्शन करने पर अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में दीपक मिश्रा और दीपक यादव ने निर्णायक, अरविंद यादव ने कमेंटेटर और परीक्षित पांडेय ने स्कोरर की भूमिका निभाई।