पीलीभीत। तमाम अटकलों के बावजूद आखिरकार बीसलपुर तक ट्रेन चलाने की कवायद फिलहाल पूरी होती नजर आने लगी है। इस 37 किलोमीटर रूट पर आमान परिवर्तन के बाद सोमवार और मंगलवार को सीआरएस निरीक्षण करने के बाद ट्रेन चलाने को हरी झंडी दे सकते है। पहले दिन भोपतपुर तक और दूसरे दिन बीसलपुर तक निरीक्षण करेंगे। इसको लेकर रेल प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शाहजहांपुर रूट पर बीसलपुर तक ट्रेन दौड़ाने के लिए रेल प्रशासन तेजी से जुटा हुआ है। काम भी लगभग पूरा हो चुका है। आमान परिवर्तन का परखने के लिए रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) को प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद 10 और 11 फरवरी को सीआरएस निरीक्षण की तारीख मिली। इसके बाद से ही गोरखपुर और इज्जतनगर मंडल के अधिकारी काम को पूरा कराने में जुट गए। अब दो दिवसीय निरीक्षण के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ परिक्षेत्र के सीआरएस मोहम्मद लतीफ खान सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दिनेश कुमार सिंह के साथ स्पेशल ट्रेन से पीलीभीत पहुंचेंगे। इसके बाद पीलीभीत से भोपतपुर तक 19 किलोमीटर ब्रॉडगेज का काम बरीकी से देखेंगे। इसके बाद भोपतपुर से इज्जतनगर के लिए वापस हो जाएंगे। अगले दिन मंगंलवार को भोपतपुर से बीसलपुर तक 18.20 किलोमीटर हिस्से का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह प्वाइंट, सिग्नल, क्रॉसिंग, अंडरपास, स्टेशन भवन, पैनल रूम, फुटओवर ब्रिज, मेजर पुल, माइनर पुल, ट्रैक का बरीकी से निरीक्षण करेंगे और मंगलवार को ही वापस चले जाएंगे।
जीएम को सौंपी जाएगी निरीक्षण रिपोर्ट
पीलीभीत से बीसलपुर तक की दो दिवसीय निरीक्षण रिपोर्ट सीआरएस पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम को सौंपेंगे। इस निरीक्षण में सब ठीक रहा तो बीसलपुर वासियों को मार्च से ब्रॉडगेज का सफर मिल सकता है। हालांकि रेल सूत्रों ने बताया कि निरीक्षण को लेकर सभी कमियों को दूर कर लिया गया है। निरीक्षण के बाद ट्रेन चलने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद शाहजहांपुर तक ट्रेन चलाने के लिए काम युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा।
आज रेलवे पटरी से रहें दूर, सीआरएस करेंगे स्पीड ट्रॉयल
मई 2018 में मीटरगेज की ट्रेनों का संचालन बंद होने के बाद मंगलवार को पहली बार स्पीड ट्रॉयल के दौरान नॉन स्टाप ट्रेन दौड़ेगी। इसको लेकर रेल प्रशासन ने इस रूट पर आसपास के ग्रामीणों से और उन्हें अपने पशुओं को ट्रैक से दूरी बनाने की अपील की गई है। यह स्पीड ट्रॉयल दोपहर 3:15 बजे से 3:45 बजे के बीच होगा।
चीफ इंजीनियर ने देखी बिजली व्यवस्था
गोरखपुर से आए चीफ इंजीनियर (इलेक्ट्रिक) एसएन बैरवा ने सीआरएस निरीक्षण को लेकर पौटा, भोपतपुर, शेरगंज, बीसलपुर स्टेशन, आवासों में बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कुछ छिटपुट खामियां मिलने पर तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए।