रेल मंत्री आज करेंगे पीलीभीत-मझोला ब्राडगेज का लोकार्पण
रेलमंत्री सुरेश प्रभु शुक्रवार को नवनिर्मित पीलीभीत-मझोला ब्राडगेज ट्रैक का लोकार्पण और ट्रेन संचालन का शुभारंभ करेंगे। नई दिल्ली के रेल भवन में होने वाली वीडियो कांफ्रेंस के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी, रेल राज्यमत्री एवं संचार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार मनोज सिन्हा, रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन भी मौजूद रहेंगे। जिलेवासियों की बड़ी रेल लाइन को लेकर की जा रही बहुप्रतीक्षित मांग शुक्रवार को पूरी होने जा रही है। जिलेवासियों को एक अप्रैल से पीलीभीत से मझोला तक बड़ी रेल लाइन का सफर नसीब हो सकेगा। पीलीभीत-मझोला रेल मार्ग पर गत वर्ष जून माह में ब्लाक लेने के बाद ब्राडगेज कार्य शुरू किए गए थे। ब्राडगेज कार्य पूरे होने के बाद 21 मार्च को पूर्वोत्तर परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त पीके आचार्य द्वारा नवनिर्मित ब्राडगेज ट्रैक का सीआरएस निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद नवनिर्मित ब्राडगेज ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी गई।
रेलमंत्री 2.45 बजे दिखाएंगे हरी झंडी
केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु शुक्रवार दोपहर 2.45 बजे को रेल भवन के कांफ्रेेंस हाल से पीलीभीत-मझोला ब्राडगेज ट्रैक का लोकार्पण और ट्रेन संख्या 55377 को हरी झंडी दिखाकर ट्रेन संचालन का शुभारंभ करेंगे।
45 मिनट में मझोला पहुंचेगी उद्घाटन स्पेशल
पीलीभीत से मझोला के बीच एक अप्रैल से तीन जोड़ी ब्राडगेज ट्रेेनें चलाई जाएगी। एक दिन पूर्व यानी 31 मार्च को नवनिर्मित ब्राडगेज ट्रैक पर उद्घाटन स्पेशल का संचालन किया जाएगा। यह उद्घाटन स्पेशल रेलवे जंक्शन से 3.15 पर रवाना होगी। इसके बाद 3.33 बजे न्यूरिया व चार बजे अपने गंतव्य मझोला पकड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे स्टेशन परिसर में भी तैयारियां हुई तेज
रेल मंत्री के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय रेलवे जंक्शन परिसर में भी भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। जिसमेें मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय व स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसको लेकर तेजी तैयारियां चल रही हैं।
अधूरे कार्यों को पूरा कराने में जुटे रहे अफसर
पीलीभीत से मझोला जाने वाली ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर दो से किया जाना है, लेकिन अभी तक यह प्लेटफार्म पूरा तैयार नहीं हो सका है। शुक्रवार को अधिकारी इस प्लेटफार्म पर जेसीबी मशीन मजदूरों की मदद से मिट्टी पटान कराते रहे। एक रेल अफसर के मुताबिक प्लेटफार्म दो पर अभी कई अन्य कार्य होना शेष है। ऐसे में इस अधूरे प्लेटफार्म से ही एक अप्रैल से ट्रेनों का संचालन होना माना जा रहा है।