मुरादाबाद टीम पहुंची सेमीफाइनल में
इंद्रजीत सिंह मेमोरियल राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गाजियाबाद और मुरादाबाद के बीच मैच हुआ। इसमें मुरादाबाद ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 102 रन बनाने वाले नावेद को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। एलएच स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को बी क्लिफर्ड, चिरंजीव गौड़ और माइकल विर्क ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। गाजियाबाद के कप्तान गौरव तोमर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। मुरादाबाद की ओर से चार रणजी खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। ओपनर बल्लेबाज अभिषेक चौधरी और नावेद अहमद ने शानदार पारी खेली। पहले विकेट के रूप में आउट हुए अभिषेक ने छह चौके लगाकर 32 रन बनाए। इसके बाद नावेद का साथ देने आए प्रदीप मलिक और अक्षय सैनी क्रमश: 10 और 13 रन बनाकर आउट हो गए। नावेद ने कप्तान दानिश के साथ मिलकर अच्छी बल्लेबाजी की। नावेद ने अपना और टूर्नामेंट का पहला शतक लगाया। नावेद ने 101 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 102 रन बनाए। दानिश भी 38 गेंदों पर 59 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह मुरादाबाद की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में चार विकेट खोकर 246 रन बनाए। गाजियाबाद की ओर से ईशान, हर्षित और गौरव ने एक-एक विकेट लिया जबकि एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। लक्ष्य का पीछा करते हुए गाजियाबाद की टीम ने सभी को काफी निराश किया। उनके ओपनर बल्लेबाज आयुष और करन शर्मा क्रमश: 05 व 17 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अन्य खिलाड़ी भी ज्यादा कुछ नहीं कर सके और पूरी टीम मात्र 23.5 ओवर में ही 106 रनों पर ढेर हो गई। गाजियाबाद की ओर से पिछले मैच में शतक लगाने वाले कप्तान गौरव तोमर इस बार मात्र एक रन बनाकर आउट हो गए। मुरादाबाद के मोहसिन ने तीन, दीपक और शिवम ने 2-2 और शिवांग और अमान सिद्दीकी ने 1-1 विकेट लिया। आयोजित समिति के सचिव परमवीर सिंह पैरी ने मुरादाबाद के नावेद अहमद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पंकज कुमार सिंह, अनिल महेंद्रू, गुरविंदर सिंह, मोहित, पुनीत धमेजा, कार्तिक भसीन, रवि कौशिक, अमित वर्मा, सुधीर सिंह, संदीप सिंह, प्रणव दास, क्यूरेटर रविंद्र सिंह चौहान, सुहेल बख्श, अर्शी सद्दाम, नातिक अली, रिजवान ब्रजेश, शिवम, फैजान आदि थे।