पूरनपुर। शाहगढ़ और मैलानी के बीच अमान परिवर्तन का काम अंतिम दौर में है। सीआरएस निरीक्षण के लिए प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। सीआरएस के जल्द ही संभावित निरीक्षण को लेकर शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशुतोष पंत ने कई स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। जर्जर भवनों को तोड़ने के निर्देश दिए। इस मौके पर व्यापारियों ने कई समस्याओं को को लेकर डीआरएम को ज्ञापन भी सौंपा।
पीलीभीत से लखनऊ रूट पर अमान परिवर्तन का काम तीन चरणों में होना था। पहले चरण में ऐशबाग से सीतापुर तक हो गया। इसके बाद सीतापुर से मैलानी के बीच दूसरे चरण में पूरा कर लिया गया था। इसके बाद तीसरे चरण में मैलानी से पीलीभीत के बीच शुरू हुआ था। करीब 65 किलोमीटर लंबे इस रूट पर पीटीआर के जंगल में अमान परिवर्तन के लिए अनुमति नहीं मिली थी। इससे काम अधर में लटक गया। बाद में कार्यदायी संस्था ने जंगल क्षेत्र को छोड़कर शाहगढ़ और मैलानी के बीच काम शुुरू कर दिया। इस क्षेत्र में अमान परिवर्तन का काम अंतिम की ओर है। अमान परिवर्तन का रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण को कार्यदायी संस्था की ओर से प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। शाहगढ़-मैलानी के बीच जुलाई के अंत में सीआरएस निरीक्षण संभावित है। सीआरएस निरीक्षण के लेकर डीआरएम आशुतोष पंत ने शनिवार को सेहरामऊ, दुधियाखुर्द, पूरनपुर और शाहगढ़ स्टेशन का निरीक्षण किया। सेहरामऊ स्टेशन पर लो-वोल्टेज की समस्या की जानकारी पर जल्द ही समस्या दूर कराने के निर्देश अफसरों को दिए। दुधियाखुर्द, शाहगढ़ स्टेशन पर निरीक्षण में मिली छोटी-छोटी खामियों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। पूरनपुर स्टेशन के निरीक्षण में पुराने जर्जर स्टेशन मास्टर, वेटिंग रूम, पार्सल घर के जर्जर भवनों को ढहवा कर फिर से भवन निर्माण कराने के निर्देश दिए। एडीआरएम अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अनूप कुमार, सीनियर डीएन राजीव अग्रवाल, सीनियर डीसीएम नीतू सिंह, सीनियर पीएसटी आशीष कुमार आदि अफसर थे।
डीआरएम से मिले व्यापारी
पूरनपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी के नेतृत्व में व्यापारी नेताओं ने डीआरएम को सौंपे ज्ञापन में अमान परिवर्तन का काम तेजी से पूरा कराकर मैलानी-शाहगढ़ के बीच शीघ्र ट्रेनों का संचालन कराने, स्टेशन पर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल को आरओ लगवाने, लाइनपार के लोगों के आवागमन को अंडरपास या अन्य रास्ता बनवाने, स्टेशन के बाहर टाइगर रिजर्व की थीम आधारित पीटीआर सुंदरता पार्क बनवाने, पांच सालों से बंद आरक्षण केंद्र को शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में नगराध्यक्ष हाजी मोहम्मद जाहिद खां, विजयपाल विक्की, सचिन अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, राजू खंडेलवाल आदि थे। डीआरएम ने व्यापारी नेताओं को समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।