फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: चीनी मांझे को लेकर मारे छापे, खाली हाथ लौटे अफसर

Tue, 14 Jan 2025 12:30 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन सख्त हुआ। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में नगर पालिका और पुलिस की टीम ने शहर में छह से अधिक इलाकों में पतंग की दुकानों पर छापा मारा। जांच के दौरान मांझा नहीं मिला। अफसरों ने चेतावनी दी कि चीनी माझा मिलने पर दुकानदारों के साथ बच्चों के परिजनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

चीनी मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक है, लेकिन अफसरों की उदासीनता के चलते मांझे की बिक्री का खेल जारी है। पतंग बेचने वाले लोग दुकान पर न रखकर घरों से चीनी मांझे की बिक्री करते हैं। शहर में चीनी मांझे की चपेट में आने से लोग घायल भी होते रहे। 10 दिन पूर्व ही शहर के नौगवां ओवरब्रिज क्षेत्र में चीनी मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार की नाक पर गहरा घाव हो गया।
इधर, दो दिन पूर्व शाहजहांपुर में भी आरक्षी की चीनी मांझे से गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हुई। इसके बाद फिर प्रशासन गंभीर हुआ है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर के नेतृत्व में नगर पालिका के प्रभारी ईओ और एसडीएम न्यायिक आशुतोष गुप्ता व पुलिस टीम ने शहर में छापे मारे।
विज्ञापन

इस दौरान टीम ने ठेका चौकी, रंगी लाल चौराहा, पंजाबियान, काला मंदिर, कोतवाली क्षेत्र के अलावा स्टेडियम रोड पर पतंग की दुकानों को चेक किया। टीम ने दुकान के अंदर जाकर मांझे की स्थिति को परखा, हालांकि चीनी मांझा नहीं मिला। अफसरों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि चीनी मांझे को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसको लेकर टीमों का गठन किया गया है। इसपर गोपनीय नजर भी रखी जा रही है।


हिंदू महासभा ने की चीनी मांझे पर रोक लगाने की मांग
पीलीभीत। अखिल भारत हिंदू महासभा की युवा टीम ने सोमवार को युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट से चीनी मांझा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, जितेंद्र मौर्य, हरिओम मिश्रा, सर्वेश कुमार, अनिल वंशवाल, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें