खाद की दुकान पर छापेमारी करते जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार। स्रोत विभाग।
कृषि विभाग की टीम ने 10 नमूने लिए, दो विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस
पीलीभीत। कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान 44 दुकानों का निरीक्षण कर उर्वरकों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में गड़बड़ियां मिलने पर चार दुकानों के लाइसेंस निलंबित करते हुए दो विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही विभिन्न उर्वरकों के 10 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
उपकृषि निदेशक राम मिलन सिंह परिहार ने पूरनपुर क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान वरुण खाद पेस्टीसाइड से पोटाश, किसान सेवा केंद्र से एसएसपी व नूरी खाद भंडार गजरौला से एसएसपी का नमूना लिया। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर पूर्णा खाद भंडार सबलपुर खास, कृष्णा खाद भंडार भगवंतापुर और एके एग्रो ट्रेडर्स जरा कोठी के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। जिला कृषि अधिकारी विनीत कुमार ने अमरिया क्षेत्र में मालिक एग्रो एजेंसी कैमोर से सल्फर 90 प्रतिशत और मालिक एग्रो एजेंसी जेठानिया से एमपीपी 00:52:34 का नमूना लिया। वहीं, रेट बोर्ड और अभिलेख पूर्ण न मिलने पर गुरु रामदास खाद भंडार का लाइसेंस निलंबित किया गया।
बीसलपुर क्षेत्र में भूमि संरक्षण अधिकारी गौरव यादव ने गंगवार खाद भंडार बरखेड़ा से दो नमूने लिए। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सुरेंद्र कुमार ने कलीनगर स्थित शर्मा खाद भंडार से सूक्ष्म पोषक तत्व, गुरु कृपा खाद भंडार से एसएसपी व एग्रो ट्रेडर्स से जिंक का नमूना एकत्र किया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी 10 नमूनों को विश्लेषण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी उर्वरक विक्रेताओं को स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड और अन्य अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए। संवाद