पीलीभीत। रविवार को झमाझम बारिश के बीच मंदिरों में धूमधाम से राधा अष्टमी मनाई गई। भगवान श्रीकृष्ण व राधा के जगह-जगह गीत गाए गए। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद भी वितरण किया गया। मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही।
शहर में हर बार की तरह से इस बार भी राधा अष्टमी राधा-कृष्ण भक्तों ने धूमधाम से मनाई। शहर के गौर धाम, साहूकारा मंदिर सहित अन्य मंदिरों में राधा व कृष्ण की मूर्तियों को वस्त्र पहनाकर सुंदर शृंगार किया गया। इसके बाद राधा रानी व कृष्ण की आरती उतारी गई। भक्तों ने जोर शोर से राधा रानी के गीत गाए। कई जगह पुष्प वर्षा भी राधा रानी व कृष्ण पर की गई।
भक्तिमय गीत पर भक्तगण जमकर नाचे। मंदिरों में सजी सुंदरता व राधा कृष्ण की प्रतिमा ने भक्तों का मन मोह लिया। शहर के राधा माधव संकीर्तन मंडल द्वारा स्टेशन के करीब एक निज निवास पर कीर्तन रखा गया, जहां पर पहले कृष्ण राधा की आरती उतारी गई। जिसके बाद मण्डल के भक्तगणों द्वारा गीत गाए गए। यहां प्रेमानंद, शिवम, शगुन, सोहित, हरीशंकर आदि मौजूद रहे।
भजन गाकर राधा-रानी का किया गुणगान
बरखेड़ा। राधा-रानी के जन्मोत्सव पर कस्बा के वार्ड संख्या तीन में प्राचीन श्री ठाकुरद्वारा मंदिर में भक्तों ने भजन-कीर्तन किया। भजनों के माध्यम से राधा-रानी का गुणगान किया गया। रविवार दोपहर 12 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में मनमोहक झांकियों को भी नन्हें कलाकारों ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में पुजारी शिवम मिश्रा ने प्रसाद वितरण किया। इस दौरान विवेक सक्सेना, सौरभ वाजपेयी, अनूप शर्मा, सार्थक सक्सेना, सहित दर्जनों भक्त मौजूद रहे। संवाद
गोपाष्टमी पर गायों को खिलाया गुड़ और आटा
बीसलपुर। गो रक्षक दल के तत्वावधान में रविवार को गांव भड़रिया की गोशाला में गोपाष्टमी पर्व मनाया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने गायों को गुड़ और आटा खिलाया। कार्यक्रम में गो रक्षक दल के राजेश दुबे ,कृष्ण कुमार, प्रेम प्रकाश दीक्षित, संजीव गंगवार, शमशेर सिंह आदि शामिल रहे। इसके अलावा नगर के बड़ा स्थल मंदिर में रविवार दोपहर में वार्षिक भंडारा हुआ, जो शाम तक चलता रहा। आयोजक भोलू गुप्ता ने आगंतुकों का आभार जताया। संवाद
गोपियों के चीर हरण लीला का किया मंचन
बरखेड़ा। दस दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला में रविवार को अयोध्या की नाटक मंडली के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और असुर बकासुर के मध्य युद्ध, यमुना नदी के किनारे कन्हैया द्वारा गोपियों के चीर हरण की लीला का मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया। राधा अष्टमी के अवसर पर रंगमंच के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की झांकी सजाई। संवाद
बीसलपुर के बड़े स्थल मंदिर पर राधा अष्टमी पर किया गया भंडारा। संवाद
बीसलपुर के बड़े स्थल मंदिर पर राधा अष्टमी पर किया गया भंडारा। संवाद