डिप्टी सीवीओ ने कहा-जल्द होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। तहसील क्षेत्र में सक्रिय दो दर्जन से अधिक झोलाछाप पशुपालन विभाग के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। इस बावत डिप्टी सीवीओ डॉ. योगेंद्र कुमार ने कहा कि जल्द ही कड़ी कार्रवाई होगी।
पशुपालन विभाग के अभिलेखों के अनुसार इस तहसील क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक झोलाछाप सक्रिय हैं। इनकी वजह से पशुपालन विभाग की योजनाएं और कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। कुछ ऐसे कार्य जो राजकीय पशु चिकित्साधिकारी ही कर सकते हैं, वह कार्य भी यह झोलाछाप कर देते हैं।
बताया जाता है कि बधियाकरण एवं अन्य बीमारियों में झोलाछाप बेहद घटिया किस्म की दवाई प्रयोग करते हैं। इस दवाई से तत्काल तो फायदा हो जाता है, लेकिन कालांतर में संबंधित पशुओं को नुकसान होता है। विभागीय अधिकारियों ने कई बार इन झोलाछाप को चेतावनी दी, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं।
इसमें तीन झोलाछाप तो विभाग के ही सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। कुल मिलाकर ये झोलाछाप पशुपालन विभाग के अधिकारियों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। इस बावत डिप्टी सीवीओ डॉ. योगेंद्र कुमार ने बताया कि बहुत जल्द वह पुलिस को लेकर इन झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।