पीलीभीत। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को हुई जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ज्ञानेेंद्र सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग जिले में विशेष वृक्ष से आच्छादित एक कॉरिडोर विकसित करे। उन्होंने पौधरोपण को लेकर अन्य विभागों को भी निर्देश दिए।
डीएम ने पौधों की उपलब्धता, लक्ष्य, कंट्रोल रूम की स्थापना, माइक्रोप्लान की अद्यतन स्थिति, स्थल चिह्नीकरण, नर्सरी की स्थिति एवं संख्या आदि की जानकारी ली।
कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम को जन आंदोलन बनाने के लिए सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों आदि को जोड़ा जाए। पौधरोपण के दौरान अटल, एकता, एकलव्य, त्रिवेणी, शौर्य, गोपाल वन आदि विशिष्ट वनों की स्थापना की जाए।
उन्होंने किसानों को शीशम, सागौन व औषधियों वाले पौधे जैसे अर्जुन, सहजन, आंवला आदि लगाने के लिए भी कहा। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को पौधों के महत्व के बारे में बताते हुए उन्हीं से पौधरोपण कराएं।