जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रहे शंकर लाल वर्मा ने गलत चुनाव चिन्ह आवंटन का आरोप लगाया है। इसके विरोध उन्होंने कचहरी में धरना दिया लेकिन बाद में डीएम से वार्ता कर धरना समाप्त कर दिया।
दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे शंकर वर्मा ने इस बार भी वार्ड 25 से नामांकन कराया है। शनिवार को चुनाव चिन्ह आवंटन होने पर वह चिन्ह लेने पहुंचे। उनका आरोप है कि यहां उन्होंने आरओ से गलत तरह से चिन्ह आवंटन की शिकायत की लेकिन आरओ ने उनकी नहीं सुनी और नियम विरुद्ध तरीके से उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया। उनका आरोप है कि नाम के क्रम के (अल्फावेट) अनुसार उन्हें दूसरा चुनाव चिन्ह दिया गया है जबकि नियमानुसार उन्हें कोई और चिन्ह मिलना चाहिए था। इसका विरोध करने पर आरओ ने चुनाव चिन्ह आवंटन रजिस्टर पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं कराए। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शंकर लाल वर्मा कलेक्ट्रेट में ही धरने पर बैठ गए। काफी देर तक धरने पर बैठे रहने के दौरान उन्होंने फोन से इसकी शिकायत डीएम से की। डीएम ने उन्हें जांच कराने का आश्वासन दिया। इस पर उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। आरओ/सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी ने बताया चुनाव चिन्हों का आवंटन चुनाव आयोग के निर्देशानुसार किया गया है। आरोप गलत हैं।