गौतमनगर के मतदाताओं को अब आठ किलोमीटर पैदल चलकर मतदान नहीं करना होगा। गौमतनगर सहित ब्लाक क्षेत्र में तीन नए मतदान केंद्र और पांच नए बूथ बनाए गए हैं। चंदिया हजारा विश्रामगृह की जगह भुरजनिया में, सांसद आदर्श गांव गुलड़िया भूपसिंह के सामुदायिक भवन की जगह जूनियर हाईस्कूल में और बमनपुर भागीरथ की जगह अब राघवपुरी के खाद गोदाम में मतदान केंद्र बनाया जाएगा। ढका जमीमा पूरनपुर में शामियाना लगाकर मतदान कराया जाएगा। इस ब्लाक में चौथे चरण में मतदान होना है।
एडीओ (पंचायत) कौशलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत विजय नगर के गांव गौतमनगर के लोगों को आठ किलोमीटर दूर पैदल चलकर विजयनगर में मतदान करने को जाना पड़ता था। इस गांव के बीच में दूसरी ग्राम पंचायत कुठिया गुदिया होने से सुरक्षाकर्मी इन मतदाताओं को रोक देते थे। इस बार यह परेशानी नहीं होगी।
अब गौतमनगर के प्राथमिक स्कूल में दस-क के नाम से मतदान केंद्र स्वीकृत हो गया है। वहीं सबलपुर खास में प्राथमिक स्कूल के मतदान केंद्र में मतदाताओं की काफी भीड़ उमड़ती थी। इससे मतदान कराने में परेशानी होती थी। अब सबलपुर खास गांव के जूनियर हाईस्कूल मेें एक नया मतदान केंद्र बनाया गया है। गांव जादौपुर गहलुइया में प्राथमिक स्कूल के मतदान केंद्र पर भीड़ रहने और देरशाम तक मतदान होता था। अब गांव के जूनियर हाईस्कूल में एक नया मतदान केंद्र स्वीकृत किया गया है।
एडीओ पंचायत ने बताया कि धरमंगदपुर के प्राथमिक स्कूल मेें मतदान केंद्र था। प्राथमिक स्कूल भवन के जर्जर होने पर अब गांव के जूनियर हाईस्कूल में मतदान केंद्र बनाया गया है। सह प्रभारी एडीओ अरविंद वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत चंदिया हजारा मेें शारदा नदी पार विश्रामगृह में बनाया गया मतदान केंद्र पर्याप्त स्थान न होने पर अब भुरजनिया में बनाया गया है।
इसके अलावा सांसद गांव गुलड़िया भूपसिंह के सामुदायिक भवन में होने वाला मतदान केंद्र भवन जर्जर होने पर अब जूनियर हाईस्कूल में बनाया गया है। इसी गांव मेें एक अन्य भवन में बनने वाला मतदान केंद्र भी जूनियर हाईस्कूल में बनेगा। टांडा जितौतिरया ग्राम पंचायत के दो मतदान केंद्र टांडा और लुकटिहाई मेें थे जिसे अब पंचायत पुनर्गठन के बाद लुकटिहाई से एक बूथ कम करके टांडा जितौरिया में बढ़ाया गया है।
बमनपुर भागीरथ मेें प्राथमिक स्कूल में मतदान केंद्र था। शारदा नदी कटान में मतदान केंद्र नष्ट हो गया। इसलिए अब गांव राघवपुरी के खाद गोदाम में मतदान केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लाक क्षेत्र में 247 मतदान केंद्र और 534 बूथ थे। संख्या अब भी यही रहेगी, जो मतदान केंद्र नए बनाए गए है उनको संबंधित संख्या में क, ख आदि जोड़कर बनाया गया है।
ढका जमीमा पूरनपुर मेें पहले तीन बूथ थे। अब चार बूथ बनाए गए हैं। इसमें दो बूथ स्कूल मेें और दो बूथ स्कूल परिसर में शामियाना में लगवाकर बनवाएं जाएंगे।
- कौशलेंद्र सिंह चौहान, एडीओ (पंचायत)