पीलीभीत। पूरनपुर में निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन इस माह के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। तीन वर्ष पहले करीब पांच करोड़ की लागत से इसका निर्माण शुरू हुआ था। गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट और विद्युत कनेक्शन होना बाकी रह गया है।
असम हाईवे पर तीन साल पहले पांच करोड़ 37 लाख की लागत से रोडवेज बस स्टेशन का निर्माण शुरू हुआ था। अब यह बनकर तैयार हो चुका है। बीते दिनों डीएम पुलकित खरे ने इसका औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान निर्माण में खामियां मिलने पर कार्यदायी संस्था को काली सूची में डाल दिया गया था। अब दोबारा काम शुरू होकर समाप्ति की ओर है। अब प्रशासनिक टीम द्वारा गुणवत्ता जांच कराई जाएगी। अभी बिजली कनेक्शन होना भी बाकी है। इसके लिए डीएम ने पूरनपुर के अधिशासी अभियंता पावर कॉरपोरेशन को जिम्मेदारी सौंपी है। रोडवेज के अधिकारी भी दिसंबर के अंत तक रोडवेज शुरू हो जाने की उम्मीद लगाए हैं।
ये रहेगा स्टाफ
पूरनपुर रोडवेज बस स्टेशन को संचालित करने के लिए सात गार्ड और दो बाबुओं को तैनात किया जाएगा। दोनों बाबुओं में जो सीनियर होगा, उसी को प्रभारी बनाया जाएगा। इसके लिए डिमांड भी कर दी गई है। इस बस स्टैंड से करीब 20 बसों का संचालन होगा। बसें सभी रूट पर संचालित होंगी। अभी लंबे रूट की बसें यहां से संचालित नहीं की जाएंगी। टनकपुर, लखीमपुर, बरेली, शाहजहांपुर, बीसलपुर जाएंगी। बसों को संचालित करने के लिए 20 संविदा चालकों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
बस स्टेशन करीब पूरा हो चुका है। विद्युत कनेक्शन होना बाकी रह गया है। जल्द ही वह प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। इस माह के अंत तक बस स्टेशन के शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि अभी लोकल रूटों पर ही यहां से बसों को चलाया जाएगा।
- वीके गंगवार, एआरएम रोडवेज पीलीभीत