पूरनपुर में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में भिड़ते खिलाड़ी।स्रोत:आयोजक
पूरनपुर। अटल बिहारी बाजपेयी मेमोरियल प्रांतीय हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर ने पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर की टीम को 2-0 और मन्ना स्पोर्ट्स क्लब गोंडा की टीम ने हथौड़ा स्टेडियम क्लब को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मैच बुधवार को खेला जाएगा।
असम हाईवे स्थित मैदान में चल रही प्रांतीय हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर और पब्लिक इंटर कॉलेज पूरनपुर के बीच खेला गया। मैच के दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में डायमंड हॉकी क्लब के अंकित ने गोलकर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। पब्लिक इंटर कॉलेज की टीम के खिलाड़ी गोल को उतारने की कोशिश में जुटे रहे। मगर तीसरे क्वार्टर में फिर डायमंड हॉकी क्लब के अंकित ने विरोधी टीम के खिलाफ गोल कर टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। खेल के अंतिम क्षण तक पब्लिक इंटर कॉलेज की टीम के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर सके। डायमंड हॉकी क्लब को 2-0 से विजेता घोषित किया गया। इसके साथ ही टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल मैच मन्ना स्पोर्ट्स क्लब गोंडा और हथौड़ा स्टेडियम शाहजहांपुर के बीच हुआ। मन्ना स्पोर्ट्स क्लब गोंडा की टीम 3-1 से विजयी रही। खेल के पांचवें मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर पर गोंडा के खिलाड़ी संदीप ने गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर के आठवें मिनट में शाहजहांपुर के संदीप ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। आधे समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। खेल के दूसरे हॉफ के 37 वें मिनट में गोंडा के तुषार ने गोलकर टीम को 2-1 से बढ़त दिलाई। शाहजहांपुर के खिलाड़ी टीम को बराबरी की कोशिश में लगे। मगर खेल के अंतिम समय में गोंडा के दिव्यांशु ने फील्ड गोल कर टीम को 3-1 से जिता दिया। प्रतियोगिता के आयोजक महेश आजाद ने बताया कि बुधवार को पूरनपुर और गोंडा की टीम के बीच फाइनल का मुकाबला होगा।