अमरिया के साथ अब वनकटी के निकट मरौरी गांव के निकट भी बाघ ही चहलकदमी देखी गई है। वन विभाग की टीम को जंगल से सटे मरौरी ब्लॉक के कुंवरपुर गांव के खेत में एवं अमरिया क्षेत्र में देवहा नदी किनारे बाघ के पगचिह्न मिले हैं।
महोफ और माला रेंज से मिलने वनकटी जंगल के आसपास गांव में कुछ माह पूर्व बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत थी जो धीरे धीरे कम हो रही थी लेकिन मंगलवार रात लगभग दो बजे जंगल से सटे मरौरी ब्लॉक के कुंवरपुर गांव निवासी भोजराज के गेहूं के खेत में बाघ देखे जानी की सूचना मिली। इस पर सुबह वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान खेत में बाघ के पगचिह्न मिले हैं। उधर अमरिया ब्लॉक में ड्यूनीडाम क्षेत्र में देवहा नदी के निकट खैर के जंगल में बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए गए हैं। वहीं इसी क्षेत्र में बलजीत सिंह के गेहूं के खेत में भी बाघ के पगचिह्न मिले हैं। डीएफओ आदर्श कुमार ने बताया कि अमरिया के साथ जंगल से सटे मरौरी, बीसलपुर व दियोरिया क्षेत्र में लगी टीमें लगातार मानीटरिंग कर रही हैं।