कई केंद्रों पर दाद-खाज, बुखार और पेट दर्द के मरीज भी पहुंचे, सीएमओ ने चुर्रासकतपुर पीएचसी का किया निरीक्षण
पीलीभीत। जिले के विभिन्न प्राथमिक और नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। अधिकांश केंद्रों पर दाद-खाज, त्वचा रोग, बुखार, पेट दर्द, खांसी-जुकाम और मधुमेह के मरीजों की संख्या अधिक रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। कई स्थानों पर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी भी सामने आई।
पूरनपुर। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मेले में 48 मरीज पहुंचे। इनमें 12 मरीजों की मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और बीपी की जांच की गई। डॉ. हरमन सिंह ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि इस समय दाद, खाज और डायरिया के मरीज अधिक संख्या में आ रहे हैं।
बीसलपुर। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. पराग अग्रवाल ने 71 मरीजों का परीक्षण किया, जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरी नवदिया में डॉ. चिराग अरोड़ा ने 61 मरीजों का उपचार किया। यहां खांसी, जुकाम, सिरदर्द, पेट दर्द, डायबिटीज और रक्तचाप से संबंधित मरीज पहुंचे। स्वास्थ्य केंद्र पर शौचालय की व्यवस्था न होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चुर्रासकतपुर। पीएचसी का मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यहां करीब 55 मरीजों का उपचार किया गया। खांसी, जुकाम, बुखार और खाज-खुजली के मरीज अधिक संख्या में पहुंचे। डेंगू का मरीज मिलने के बाद सीएमओ ने गांव चौसर पहुंचकर मरीज के परिजनों से मुलाकात की और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
न्यूरिया। ग्राम पंडरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर 197 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। यहां पेट दर्द, बुखार, त्वचा रोग, डिहाइड्रेशन और मधुमेह के मरीज अधिक संख्या में पहुंचे।
मझोला। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिंडारा में करीब तीन दर्जन मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सक डॉ. मनोज तरफदार ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण चर्म रोग के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। संवाद
महिला चिकित्सक की कमी खली
अमरिया। क्षेत्र के नगरिया कॉलोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. फीरोज़ बेग ने करीब 80 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। यहां त्वचा रोग, दाद-खुजली और पेट दर्द के मरीज अधिक रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परेवा वैश्य में डॉ. सूरजपाल ने 59 मरीजों का उपचार किया। यहां एलर्जी, बुखार और त्वचा रोग से पीड़ित मरीज पहुंचे। महिला चिकित्सक के अभाव में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और अन्य जरूरी परीक्षण नहीं हो सके। संवाद
बरखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मास्टि नहीं
बरखेड़ा। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पंडरी में 57 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। यहां निरीक्षण के दौरान सीएमओ को बताया गया कि पीएचसी पर कई महीनों से फार्मासिस्ट की तैनाती नहीं है। इस पर सीएमओ ने शीघ्र फार्मासिस्ट नियुक्त किए जाने का आश्वासन दिया।