पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) घूमने आने वाले सैलानियों की जेब अब पहले से ज्यादा ढीली होगी। टाइगर कंजर्वेशन फाउंडेशन की बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी मिलने के बाद सैलानी, सफारी वाहन और पार्किंग शुल्क में बढ़ोत्तरी कर दी गई है। नई दरें आगामी 9 फरवरी से लागू होंगी। स्थानीय स्कूलों के बच्चों को प्रवेश शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
टाइगर रिजर्व प्रशासन के अनुसार अब प्रति सैलानी प्रवेश शुल्क वीकडेज में 120 रुपये और वीकेंड पर 150 रुपये देना होगा। पहले यह शुल्क 100 रुपये था। सफारी जिप्सी और जीनॉन वाहनों का प्रवेश शुल्क वीकडेज में 400 रुपये और वीकेंड पर 600 रुपये तय किया गया है, जो पहले 300 रुपये था। वहीं पार्किंग शुल्क में भी बड़ा इजाफा हुआ है। कार और जीप जैसे हल्के वाहनों के लिए अब वीकडेज में 200 रुपये और वीकेंड पर 300 रुपये पार्किंग शुल्क देना होगा, जो पहले 100 रुपये था। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि शासी निकास की बैठक में प्रवेश शुल्क आदि में बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया गया था। इस पर अधिकारियों के निर्देश पर अमल शुरू किया गया है। संवाद