मेडिकल परीक्षण और प्रशिक्षु डीएफओ की रिपोर्ट के आधार पर की गई कार्रवाई
पीलीभीत। पीटीआर में ड्यूटी के दौरान नशे में धुत मिले डिप्टी रेंजर पर कार्रवाई की गई है। मेडिकल रिपोर्ट में अल्कोहल की पुष्टि और प्रशिक्षु डीएफओ की रिपोर्ट के आधार पर बुधवार को फील्ड डायरेक्टर पीपी सिंह ने डिप्टी रेंजर वशिष्ट कुमार को निलंबित कर दिया।
वशिष्ट पीटीआर की बराही रेंज में तैनात थे। लंबे समय से रेंज कार्यालय में लिपिक का काम संभाल रहे थे। प्रशिक्षु डीएफओ हिमांशु बाबल ने 16 अप्रैल डिप्टी रेंजर को बराही रेंज में ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाया। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए एक अन्य वन दरोगा को निर्देश देकर डिप्टी रेंजर का माधोटांडा सीएचसी भेजकर मेडिकल कराया। इससे पहले भी कई बार वशिष्ट शराब के नशे में मिले थे। तब चेतावनी भी दी गई थी, इसके बावजूद व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया।
प्रशिक्षु डीएफओ ने पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर 18 अप्रैल को डीएफओ मनीष सिंह को सौंपी। मेडिकल रिपोर्ट का भी उसमें जिक्र किया गया। मामला फील्ड डायरेक्टर पीपी सिंह के समक्ष पहुंचा। इस पर उन्होंने डिप्टी रेंजर वशिष्ट को निलंबित कर दिया। डिप्टी रेंजर को एफडी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। एफडी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। संवाद