ग्राम ज्योरहा कल्यानपुर में बिजली विभाग के विरोध मे प्रदर्शन करते ग्रामीण संवाद
बरखेड़ा। गांव ज्योरहा कल्याणपुर में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों पर खतरा मंडरा रहा है। मेला मैदान से होकर गांव तक जाने वाली 11 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन का एक खंभा पिछले एक साल से तिरछा खड़ा है। ग्रामीणों ने अस्थाई रूप से लकड़ी का सहारा देकर खंभे को गिरने से तो रोक रखा है, लेकिन बिजली के तार अभी भी खेतों के ऊपर झूल रहे हैं। इस अव्यवस्था के विरोध में ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि जोताई और फसल कटाई के दौरान लटकते तारों की वजह से खतरा रहता है। एक व्यक्ति करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस चुका है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली निगम के अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया है। प्रदर्शन करने वालों में संगम, चंद्र प्रकाश, अर्जुन सिंह, सचिन, सुमित, वेद प्रकाश, ओम प्रकाश सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। संवाद