पूरनपुर में स्मार्ट मीटर के विरोध में धरना देकर प्रदर्शन करते सपाई-संवाद
- फोटो : Self
सपाइयों ने एसडीओ और सीओ को दिया ज्ञापन, पुराने मीटर लगवाने की मांग की
पूरनपुर। सपा कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा के विरोध में अधिशासी अभियंता (ईई) कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ, सीओ को ज्ञापन देकर लगाए गए स्मार्ट मीटरों को हटवाने, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
सोमवार को सपा के नगराध्यक्ष हाजी मुजफ्फर खान उर्फ हाजी लाडले के नेतृत्व में ईई कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रदर्शन किया। कहा गया कि लगाए गए स्मार्ट मीटरों से उपभोक्ता परेशान हैं। कम बिजली खपत के बाद भी बिल अधिक आ रहे हैं। उपभोक्ताओं को बगैर नोटिस के मामूली बकाया पर बिजली काटी जा रही है। बकाया जमा करने के बाद कई दिन तक काटी गई बिजली नहीं जुड़ती।
बगैर जानकारी दिए और पुलिस का डर दिखाकर स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के यहां लगाए गए। इसे सपा बर्दाश्त नहीं करेगी। स्मार्ट मीटरों को हटवाकर पहले वाले मीटर लगाए जाएं। झूलते बिजली के तार, गिरताऊ खंभों को शीघ्र ठीक कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ मोहित गुप्ता और सीओ डॉ. प्रतीक दहिया को ज्ञापन दिया है। धरना-प्रदर्शन में तौफीक अहमद कादरी, अहीद खां, जाहिद खां, अहीद खां, बंटू खान, नादिर रजा बरकाती आदि शामिल रहे। एसडीओ मोहित गुप्ता ने कहा कि समय से बकाया भुगतान होने पर बिजली नहीं कटेगी। संवाद