माधोटांडा। जमीन का सौदा करने का झांसा देकर ग्रामीण से 20 लाख रुपये ठगी करने का मामला सामने आया है। हकीकत सामने आने पर जब पीड़ित ने रुपये मांगे तो आरोपी ने टाल-मटोल की। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार को रामपुर के करन समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम रमनगरा निवासी निताई गाईन ने एसपी के निर्देश पर माधोटांडा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि जनपद रामपुर के थाना विलासपुर के अशोक नगर मानपुर निवासी करन ढाली ने अमरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम बेला पुखरा में स्थित जमीन को अपना बताकर उसके साथ सौदा किया। आरोपी ने एक फर्जी कूटरचित इकरारनामा दिखाकर जमीन को बलकार सिंह व हरविंदर सिंह निवासी बेला पुखरा से खरीदने की बात भी कही। विश्वास में लेकर आरोपी ने उससे 20 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित ने गांव के लोगों से उधार लेकर आरोपी को रुपये दिए थे।
इसके एवज में आरोपी ने 20 लाख रुपये का एक चेक भी दिया था। जमीन की रजिस्ट्री न होने की स्थिति में चेक से रुपये ले लेने की आरोपी ने बात कही। कुछ समय बाद जमीन की हकीकत पता चली तो पीड़ित ने अपने रुपये मांगे। इसके बाद उसने आरोपी द्वारा दिए गए चेक को बैंक में लगाया, लेकिन खाते में रुपये न होने की वजह से चेक बाउंस हो गया। आरोपी करन, उसकी पत्नी शिल्पी सरकार व प्रिया ने उसके साथ धोखाधड़ी की।
थाना प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। संवाद