फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय की छत पर कर्मचारी का लटकता मिला शव, हत्या का आरोप

Fri, 13 Feb 2026 11:55 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा कर रहे परिजनों को समझाते सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी। संवाद
विज्ञापन
पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई रोड पर स्थित एक प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय की छत पर 25 वर्षीय अनिल कर्मचारी का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने प्रॉपर्टी डीलर पर प्रताड़ना समेत अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा खुदागंज सुनील ने बताया कि उसका छोटा भाई अनिल पुत्र सीताराम शहर के आईटीआई के निकट स्थित मधुरवानी इंफ्राहाइट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय में कर्मचारी था। वह वर्ष 2018 से कंपनी में लेखा-जोखा समेत अन्य काम देख रहा था। सुनील ने बताया कि चार दिन पहले कार्यालय के मालिक वेदप्रकाश कश्यप ने अनिल को नौकरी से निकाल दिया था, इसके बाद से वह घर पर ही रह रहा था।
शुक्रवार तड़के करीब चार बजे अनिल के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल के बाद वह बाइक से घर से निकल गया। लगभग दो घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि अनिल का शव कंपनी के कार्यालय की छत पर शव लटका मिला है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो छत पर जाने का दरवाजा बाहर से बंद मिला।
विज्ञापन

आरोप है कि कार्यालय मालिक के मौके पर पहुंचकर ताला खोलने के बाद ही परिजन छत पर जा सके, जहां अनिल का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। मामले की सूचना पर कोतवाल सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की जांच की।

परिजनों का आरोप, दरवाजा बाहर से मिला बंद
परिजनों ने आरोप लगाया कि अनिल की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया है। जिस स्थान से वह छत पर गया वहां दरवाजा बाहर से बंद पाया गया। जिसे कार्यालय के मालिक ने खोला। मृतक के भाई सुनील का कहना है कि कंपनी में कार्यरत एक अन्य युवती से अनिल का अच्छा तालमेल था, जिससे वह फोन पर भी बात करता था। प्रॉपर्टी डीलर इस बात पर आपत्ति करता था। आरोप है कि इस बात को लेकर ही अनिल को कार्यालय बुलाकर प्रताड़ित किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
-
कार्रवाई पर अड़े परिजनों ने शव उठाने से किया इन्कार
शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद भी परिजन शव उठाने के लिए राजी नहीं हुए। परिजनों का कहना था कि पुलिस पहले प्रॉपर्टी डीलर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करें, इसको लेकर करीब एक घंटे तक पोस्टमॉर्टम हाउस पर हंगामा होता रहा। स्थिति बिगड़ती देख सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, कोतवाल सत्येंद्र कुमार और सुनगढ़ी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद परिजन शांत हुए और शव को घर ले गए।
-
पुलिस कांस्टेबल की नौकरी छोड़ शुरू किया प्रापर्टी का कार्य
जिस प्रापर्टी डीलर के ऊपर परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। वह पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। उसकी पत्नी भी पुलिस विभाग में ही तैनात है। करीब दस साल पूर्व नौकरी से वीआरएस लेने के बाद से वह प्रापर्टी डीलिंग का काम करने लगा है। धीरे-धीरे पैर जमाया और वर्तमान में शहर के कई नामचीन लोगों को अपने ग्रुप में शामिल किया।

वर्जन
परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - दीपक चतुर्वेदी, सीओ सिटी

पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा कर रहे परिजनों को समझाते सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें