पीलीभीत। शहर में मंगलवार को पूरी शान से निर्धारित मार्गों से जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। इसमें हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे। इस दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
शेख अब्दुल कादिर जिलानी, गौस-ए-आजम की याद में मंगलवार को दिन में 11 बजे हशमत नगर से जुलूस निकाला गया। जुलूस की अगुवाई मौलाना जरताब रजा ने की। जुलूस में हजारों अकीदतमंद शामिल रहे। जुलूस में शामिल लोग या गौस-या गौस के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
जुलूस-ए-गौसिया बेलों वाला चौराहा, कमल्ले चौराहा, जुगनू पाकड़, मोहल्ला दुर्गा प्रसाद, छोटी मार्केट, शरीफ खां चौराहा पहुंचा। यहां से मोहल्ला बुजकसावान, मदीना शाह, लाल रोड से होते हुए सुनहरी मस्जिद, बरेली गेट से जाटों का चौराहा, मोहल्ला सरफराज खां, मोहल्ला पकड़िया, पंजाबियान चौराहा, फीलखाना होते हुए राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज चौराहा से मोहल्ला खकरा, अशरफ खां, आवास विकास कॉलोनी होते हुए वापस हशमत नगर पहुंचकर समाप्त हुआ।
इस दौरान पटाखे दागने के उपकरण छीनने से जुलूस में शामिल कुछ युवकों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। हालांकि सख्ती के बाद मामला शांत हो गया। एएसपी वीरेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, सीओ बीसलपुर डाॅ. प्रतीक दहिया के अलावा कोतवाल नरेश त्यागी समेत कई थानों की पुलिस और पीएसी जुलूस के साथ रही।
बीसलपुर : देश में अमन और चैन की दुआ
बीसलपुर। नगर में मंगलवार को कादरी रजाकार सोसायटी के तत्वावधान में जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। जुलूस ईदगाह चौराहा स्थित सैय्यद साहब की मजार से शुरू हुआ और अपने परंपरागत रास्तों तहसील रोड, इमामबाड़ा ग्यासपुर, सरकारी अस्पताल रोड, सब्जी मंडी रोड, खानकाहे करीमियां, रोड गौहर खां की पुलिया, भोगापुर चौराहा से होता हुआ हज़रत गाज़ी कमाल शाह के मजार पर पहुंचा। जहां देश में अमन व चैन की दुआ की गई। इसके बाद ईदगाह चौराहा स्थित सैय्यद साहब की मजार पर जुलूस का समापन हुआ। इस मौके पर कारी मुश्ताक, कारी अजीम, हाफिज मोनिस, नईम रज़ा, शाहिद खां, मो वसीम, हाजी नदीम खां आदि मौजूद रहे। सुरक्षा के लिहाज से कोतवाल संजीव शुक्ला फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। संवाद
पूरनपुर और शेरपुरकलां में भी निकाला गया जुलूस
पूरनपुर। नगर में ब्लॉक रोड स्थित साबरी अहाते के समीप से मंगलवार को जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। जुलूस में लोग धार्मिक झंडे लहराते और धार्मिक नारेबाजी करते चल रहे थे। एक वाहन पर मौलाना फजले अहमद नूरी, हाफिज असलम नूरी, मौलाना दानिश मिसवाही, हाफिज शाकिब, हाफिज शरीफ अहमद, हाफिज नाजिम रजा, हाफिज उस्मान नूरी आदि तकरीर करते चल रहे थे। बच्चों को दीनी तालिम और दुनियाबी तालीम देने की अपील की गई। तौफीक अहमद कादरी, नावेद रजा अजहरी, नदीम, हाजी लाडले, राहत शेरी, नादिर रजा, इमरान खान, नाजिम खान अजहरी आदि साथ रहे। इसी क्रम में शेरपुरकलां मेंं भी जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। संवाद
गौस-ए-आजम की शान में पेश किए कलाम
अमरिया। जुलूस की शुरुआत मदरसा इस्लामिया तालीमुल कुरआन सिटी काॅलोनी से हुई। नेशनल हाईवे से होते हुए जुलूस अमरिया नहर पुल तक गया, वापसी में खजुरिया मज़ार शरीफ से होकर मदरसा तालीमुल कुरआन पर पहुंचाकर कुल शरीफ हुआ और लंगर तकसीम किया गया। जुलूस में सैकड़ो की तादाद में अकीदतमंद शामिल हुए। उलमा ने गौस-ए-आजम की शान में कलाम पेश किए। इस मौके पर मौलाना तारिक रजा मिस्बाही, मौलाना एजाज अहमद, हाफिज अब्दुल माजिद, मौलाना सुलेमान, मौलाना हसनैन आदि मौजूद रहे। संवाद
जहानाबाद में भी निकाला गया जुलूस
जहानाबाद। हाफिज समी उल्लाह खान की अगुवाई में चिह्नित मार्गों से जुलूस निकाला गया। बीच वाली मस्जिद से शुरू होकर जुलूस कच्ची हवेली, काजी टोला, टाउन एरिया बाजार के रास्ते मोहल्ला मनिहारान, हरिद्वार नेशनल हाईवे के रास्ते होकर मदरसा फैजाने ताजुरशरिया पहुंचकर समाप्त हुआ। संवाद
अमरिया कस्बे में निकाला गया जुलूस ए गौसिया।संवाद
अमरिया कस्बे में निकाला गया जुलूस ए गौसिया।संवाद
अमरिया कस्बे में निकाला गया जुलूस ए गौसिया।संवाद