पीलीभीत। कई बार ज्ञापन देने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भाकियू (लोकशक्ति) ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। विकास भवन पहुंचकर एक दिवसीय धरना दिया। मांगों के निस्तारण की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गन्ना भवन में एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में विकास भवन पहुंचे। यहां पर एक दिवसीय धरना देकर डीएम को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में ग्राम पंचायत बरहा में अन्नपूर्णा भवन बनवाने, ग्राम पंचायत उमरसड में पंचायत भवन न बनाने पर पंचायत सचिव पर कार्रवाई करने, गांवों में ग्राम पंचायत की श्रेणी वार भूमि की सूची पंचायत भवन में लिखवाने की मांग की गई।
इसके अलावा अवैध कब्जे की जमीन और चारागाह को मुक्त करने सहित कई मांगों को रखा गया। ज्ञापन में तीन दिन में समस्या का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
इस दौरान मंडलीय सचिव मुरलीधर कश्यप, वीरेंद्र पाल, पातीराम, कृष्ण शर्मा, सोमपाल, कुंवरसेन, जय प्रकाश सहित काफी लोग मौजूद रहे।