हाइवे पर अकबरगंज गौटिया गांव के पास हुआ हादसा
दुकानदारों ने शीशे तोड़कर सवारियों को निकाला बाहर
सवारियां भरकर अमरिया जा रही प्राइवेट बस साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पलट गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई है। आसपास के दुकानदारों ने बस के शीशे तोड़कर भीतर फंसी सवारियोें को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के चलते हाइवे पर भीड़ जुटी रही।
रविवार दोपहर को पीलीभीत से सवारियां भरकर एक निजी बस अमरिया के लिए रवाना हुई। बस में करीब 45 सवारियां भरी हुई थी। अमरिया रोड पर अकबरगंज गौटिया के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस पलट गई। हादसे के बाद बस के भीतर सवारियां फंस गई। जिससे चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद बस के शीशे तोड़कर सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य तेज कर दिया। हादसे में तीन लोग सियाबाड़ी पट्टी निवासी रमाचंद्र, अमरिया के इनायतपुर निवासी भानवती और मदीनाशाह मोहल्ला की निवासी कनीज बेगम गंभीर रूप से घायल हो गई। जिनको पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी पर भर्ती कराया। रफ्तार अधिक न होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। बकाया सवारियों को मामूली चोटें आई। हादसे के चलतेे हाइवे पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। जिससे यातायात बाधित रहा।
एसओ भोला सिंह ने बताया कि अमरिया जा रही एक बस पलट गई थी। जिसमें तीन घायल सामने आए, जिनको सीएचसी भिजवाया गया था। बाकी सवारियों के गंभीर चोट नहीं आई है। हादसा साइकिल सवार को बचाने के कारण बताया गया है।