प्रधानाचार्य सम्मेलन में मथुरा जा रहे नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर (विमंइं) कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. जितेंद्र सिंह चलती ट्रेन पर चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से गिर गए, जिससे उनका एक पैर बीच से, जबकि दूसरे पैर की अंगुलियां कट र्गइं। गंभीर हालत में प्रधानाचार्य को बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रधानाचार्य के घायल होने की सूचना पर कालेज स्टाफ और उनके करीबी बरेली रवाना हो गए हैं।
घटना शनिवार को सुबह करीब आठ बजे इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर हुई। कालेज के अध्यक्ष रवि गुप्ता ने बताया कि प्रधानाचार्य डॉ. जितेेंद्र सिंह मथुरा में होने वाले प्रधानाचार्य सम्मेलन में भाग लेने जाने के लिए बरेली में इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। ट्रेन पर सवार होते समय चलती ट्रेन से गिर गए। हादसे में प्रधानाचार्य का एक पैर बीच से, जबकि दूसरे पैर की अंगुलियां कट र्गइं। हादसे में प्रधानाचार्य के घायल होने की सूचना पर स्कूल स्टाफ के अलावा अन्य शिक्षक उनका हाल लेने को बरेली रवाना हुए। प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. धनपाल शर्मा ने बताया कि प्रधानाचार्य को बरेली के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने 72 घंटे के बाद ही उनकी स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।