पीलीभीत। बिलसंडा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय मल्लिका के इंचार्ज प्रधानाध्यापक संदीप कुमार को विभागीय योजनाओं में लापरवाही बरतने और शिक्षण कार्य में उदासीनता दिखाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कार्रवाई की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के अनुसार, विद्यालय में मिड-डे मील योजना का संचालन सही तरीके से नहीं किया जा रहा था। यह योजना सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, लेकिन प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों को भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। इसके अलावा अन्य विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
आरोप है कि प्रधानाध्यापक संदीप कुमार अपने पद के दायित्वों का निर्वहन भी ठीक तरीके से नहीं कर रहे थे और शिक्षण कार्य में रुचि नहीं ले रहे थे। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी बिलसंडा शिव शंकर मौर्य ने जांच की। जांच रिपोर्ट में संदीप कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बीएसए का कहना है कि शासन की योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।