पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र की साईंधाम कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय विधवा से तीन लाख रुपये हड़पने के आरोप में मां-बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
साईंधाम कॉलोनी निवासी गीता गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनके बेटे की एक साल पहले मौत हो गई थी। नवंबर 2024 में उन्होंने अपना मकान 20 लाख रुपये में बेच दिया और पड़ोसी अनीता शर्मा के घर रहने लगीं, जिनसे उनके पारिवारिक संबंध भी हैं। इसके कुछ समय बाद अनीता ने अपने बेटे के बैंक लोन का हवाला देकर तीन लाख रुपये उधार मांगे और दो माह में लौटाने का वादा किया।
गीता गुप्ता ने 16 दिसंबर 2024 को अनीता के बेटे चंद्रदीप शर्मा को तीन लाख रुपये का चेक दिया। आरोप है कि दो माह बीतने पर उन्होंने रुपये वापस मांगे तो चंद्रदीप ने गाली-गलौज की। मामला बढ़ने पर संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में तय हुआ कि जुलाई 2025 में डेढ़ लाख रुपये लौटाए जाएंगे, लेकिन अब तक कोई रकम नहीं मिली है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके विवेचना शुरू की गई है।