पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा बैठक गांधी सभागार में हुई। इस दौरान 15 अगस्त के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। जनपद में 9 से 17 अगस्त तक ''हर घर तिरंगा'' अभियान भी चलेगा।
डीएम ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 8 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। सुबह 10 से 12 बजे तक गांधी स्टेडियम प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 बजे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शहीद पार्क बल्लभ नगर में श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसी समय शहीद दामोदर पार्क में नगर मजिस्ट्रेट श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। 11:30 बजे राम स्वरूप पार्क में तिरंगा फहराया जाएगा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल में फल वितरित करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी वृद्धाश्रमों में फल बांटेंगे। दोपहर 12:30 बजे गांधी स्टेडियम में इंडिया क्विज प्रतियोगिता होगी। 15 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी भवनों, पार्कों और चौराहों को रोशनी से सजाया जाएगा। जनपद की समस्त तहसीलों में उप जिलाधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों और कारगिल शहीदों का सम्मान किया जाएगा। जिलाधिकारी वृद्धाश्रम में पौधरोपण करेंगे। चौराहों पर देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे और उन्हें तिरंगे की रोशनी व झंडों से सजाया जाएगा। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। संवाद