पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगलों की खूबसूरती, वन्यजीवों की अठखेलियां और तराई का प्राकृतिक वैभव अब फिल्म के जरिये बड़े पर्दे पर नजर आएगा। फिल्म अटेंप्ट तराई की शूटिंग का रास्ता साफ हो गया है। शासन से करार का एमओयू पीटीआर पहुंचने के बाद 25 नवंबर से फिल्मांकन शुरू कराने की तैयारी है। इससे पीलीभीत के जंगलों और यहां की समृद्ध जैव विविधता को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के क्रम में फिल्मकार नल्लामत्थू के साथ हुए करार का एमओयू पीटीआर को प्राप्त हो गया है। अब फिल्मांकन शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। 25 नवंबर से शूटिंग शुरू होने के आसार हैं। फिलहाल फिल्मकार की टीम दुधवा टाइगर रिजर्व में फिल्मांकन कर रही है। वहां शूटिंग पूरी होने के बाद टीम पीलीभीत पहुंचेगी। फिल्म में जंगल के विभिन्न दृश्यों के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक परिवेश और उनसे जुड़ी गतिविधियों को रोचक अंदाज में दिखाया जाएगा। संवाद