शहर में शनिवार सुबह हुई प्री मानसून की पहली बारिश गर्मी झेल रहे लोगों के लिए काफी राहत भरी रही। हालांकि करीब दो घंटे तक हुई बारिश से शहर के कई निचले स्थानों पर जलभराव हो गया। दोपहर बाद धूप निकलने से मौसम में उमस बढ़ी, लेकिन सूर्यास्त के बाद लोगों को एक बार फिर से राहत महसूस की।
पिछले दो दिन से बरसात होने की उम्मीद संजोए बैठे लोगों के लिए शनिवार को दिन खास रहा। सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई प्री मानसून की पहली बारिश से मौसम सुहावना हो उठा। अमूमन बारिश के दौरान घरों में दुबकने वाले लोगों ने घरों से बाहर निकलकर जमकर बारिश का आनंद लिया। छतों पर लोगबाग बारिश का लुत्फ उठाते देखे गए। करीब 11 बजे तक हुई बरसात से मौसम में तब्दीली तो आई, लेकिन शहर के कई निचले स्थानों पर जलभराव हो गया। मामूली बरसात ने ही पालिका की नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
बारिश से शहर के स्टेशन रोड, छतरी चौराहा के समीप, मधुवन कॉलोनी, नगरपालिका रोड पर भारी जलभराव हो गया। निचले स्थानों पर बसे कई मोहल्लों में भी जलभराव हो गया। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद धूप निकलने से मौसम में उमस बढ़ गई, लेकिन सूर्यास्त होने के बाद मौसम एक बार फिर से सुहावना हो गया।
सिल्ट ने बढ़ा दी मुश्किलें
नगर पालिका प्रशासन द्वारा कराया जा रहा नाला सफाई का कार्य अंतिम दौर में है। स्टेशन रोड पर नाले की सफाई कर सिल्ट निकाल सड़क पर डाल दी गई, लेकिन उसे उठाया नहीं गया। बारिश के चलते सड़क पर पड़ी सिल्ट दोबारा नालों में जा घुसी। इससे सड़क पर भी दलदल हो गई। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों के खिले चेहरे
शनिवार सुबह हुई बारिश से किसानों को जहां गन्ने की फसल को फायदा हुआ, वहीं इन दिनों धान की तैयार हुई पौध को लाभ हुआ। किसानों के मुताबिक इस बारिश से धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने में भी आसानी रहेगी।