बीसलपुर। क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक में प्रधानों के बहिष्कार के बावजूद 10 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। प्रधानों ने पक्के कार्यों की स्वीकृति न मिलने समेत विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक प्रमुख को ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार और संचालन बीडीओ सुनील वर्मा ने किया। बैठक में अधूरे सामुदायिक शौचालय और प्रधानमंत्री आवास निर्माण पूरे कराने, खराब पड़े इंडिया मार्का हैंड पंप ठीक कराने, नए इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाने, नहरों की सफाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाने के संबंध में नहर खंड के अधिकारियों से पत्राचार करने, सरकारी धान क्रय केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने, सोलर लाइटें ठीक कराने, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को सही ढंग से लागू करने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की गति को तेज करने समेत 10 से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए।
ग्राम प्रधानों ने अधिकारियों से पक्के कार्यों की स्वीकृति न मिलने, प्रधानों का उत्पीड़न न करने, चौसर हरदोपट्टी की रोजगार सेवक से सुविधा शुल्क मांगने वाले लिपिक पर कार्यवाही कराने की मांग करते हुए बैठक का बहिष्कार किया। प्रधानों ने बैठक स्थल के पास ही प्रदर्शन कर ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक प्रमुख ने प्रधानों की मांगों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया। बैठक में विकास, पंचायत, पशुपालन, स्वास्थ्य और बाल विकास परियोजना विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे। प्रदर्शन करने वालों में अशोक कुमार, सुरेश चंद्र, तेज बहादुर, पवन कुमार, मिश्रीलाल, बुधपाल सिंह, रूपलाल, लोकेश चंद्र, अरविंद कुमार, सत्यपाल आदि प्रधान शामिल थे।