पुलिस ट्रेनिंग सेंटर मुरादाबाद से छह माह का गहन प्रशिक्षण पा चुके 52 रिक्रूट को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए थानों में भेज दिया गया है।
थानों में काम करने के तरीके, जीडी, केस दर्ज करने आदि तमाम बातों की सीख दी जाएगी। चार महीने का प्रशिक्षण पाने के बाद सभी वापस पुलिस लाइन आएंगे। बता दें कि वर्ष 2013 बैच के रिक्रूट छह महीने का मुरादाबाद पीटीसी में गहन प्रशिक्षण पा चुके है। अब इनको व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसकी शुरुआत कर दी गई है। पीटीपी मुरादाबाद से पास होकर आए 52 रिक्रूट की लाइन में आमद कराने के बाद उनको व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए थानों में भेजा गया है। इनको जिले के ग्यारह थानों में भेजा गया है। थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के तौर पर उनको कार्रवाई के तरीके सिखाए जाएंगे। यह प्रशिक्षण चार महीने का होगा। इसको पूरा करने के बाद उनकी दोबारा पुलिस लाइन में वापस की जाएगी, जिसके बाद छह महीने तक उनको पुलिस लाइन में रखा जाएगा। इन छह महीनों के प्रशिक्षण को पूरा करने के बाद उनको जिलों में तैनाती दी जाएगी।
इन थानों में भेजे गए रिक्रूट
कोतवाली 06, पूरनपुर 11, दियोरियाकलां 08, न्यूरिया 03, हजारा 04, सेहरामऊ उत्तरी 05, बीसलपुर 04, बिलसंडा 05, जहानाबाद 03, माधौटांडा 01, अमरिया 02
दस रिक्रूट हो गए प्रशिक्षण में फेल
वैसे तो जिले में कुल 62 रिक्रूट भेजे जाने थे। इसी के आधार पर थानों में उनको भेजने के चार्ट तैयार भी कर दिए गए थे। लेकिन पुलिस ट्रेनिंग सेंटर मुरादाबाद में दस रिक्रूट प्रशिक्षण के दौरान फेल हो गए। इनकी अब दोबारा 45 दिन की ट्रेनिंग अन्य सेंटरों पर कराई जाएगी।
वर्जन
जिले में भेजे गए 52 रिक्रूट को थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए भेज दिया गया है। दस रिक्रूट प्रशिक्षण में फेल हो गए थे। इस कारण नहीं आए हैं। चार महीने की ट्रेनिंग के बाद इनको छह महीने पुलिस लाइन में ड्यूटी कराई जाएगी।
- महावीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक