रात में कई मोहल्लों की बिजली गुल, शुक्रवार को भी कटौती से लोग बेहाल
पीलीभीत। शहर में बिजली फॉल्ट और कटौती की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार की देर रात शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार को भी अलग-अलग इलाकों में कटौती का सिलसिला जारी रहा। इससे उमस और गर्मी के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बार-बार बिजली जाने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुआ।
बृहस्पतिवार की देर रात मोहल्ला अशोक कॉलोनी, नई बस्ती, खकरा मोहल्ला, अशरफ खां समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। काफी देर तक बिजली न आने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार को भी शहर के राजबाग, बल्लभ नगर, मधुवन, तुलाराम, साहूकारा, कांशीराम कॉलोनी, आवास विकास, रामबिहार और लीची बाग आदि मोहल्लों में बिजली कटौती की समस्या रही।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी और उमस के बीच बिजली की कटौती होने से परेशानी और बढ़ जाती है। बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं होने के कारण लोगों को अपने जरूरी काम निपटाने में भी दिक्कत होती है। कई इलाकों में देर रात तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की नींद भी प्रभावित हुई। एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली कटौती की समस्या रही है। किसी भी स्थान पर फॉल्ट नहीं हुआ है। संवाद