फॉल्ट ठीक करने में जुटे रहे कर्मचारी
सोमवार देर रात शुरू हुई परेशानी मंगलवार को पूरे दिन बनी रही। उपभोक्ताओं ने शिकायतें दर्ज कराईं। इसके बाद कर्मचारियों को अलग-अलग इलाकों में भेजा गया। कहीं लाइन में खराबी मिली तो कहीं अन्य तकनीकी फॉल्ट सामने आए। कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे, लेकिन एक के बाद दूसरी शिकायतें आने से लोगों को राहत मिलने में समय लगा। मंगलवार शाम तक आपूर्ति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। उपभोक्ताओं का कहना है कि त्योहार के बाद बिजली व्यवस्था सुधरने की उम्मीद थी, लेकिन इसके उलट परेशानी बढ़ गई।
जयदेवी ने बताया कि सोमवार देर रात से बिजली की समस्या शुरू हो गई थी। रात में कई बार बिजली आती-जाती रही। मंगलवार को वोल्टेज इतना कम था कि पंखे तक ठीक से नहीं चल पा रहे थे। शिकायत करने के बाद भी तत्काल राहत नहीं मिली। रामकली ने बताया कि बिजली की समस्या से घर के जरूरी काम प्रभावित हुए। मोटर भी नहीं चल सकी। बिजली होने के बावजूद लो-वोल्टेज के कारण कोई उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहा था। विभाग को पहले से ही व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए थी।
निगम ने बड़ी समस्या से किया इनकार
एक्सईएन आशीष यादव ने बताया कि शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सही रही। कहीं किसी प्रकार की बड़ी समस्या नहीं आई। जहां छुटपुट दिक्कतें आईं, वहां टीम भेजकर आपूर्ति सुचारु करा दी गई।