बलसंड (पीलीभीत)। घर-घर बिजली से रोशन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सौभाग्य योजना में रिश्वतखोरी का मामला बिलसंडा क्षेत्र से उजागर हुआ। यहां कंपनी के अंडर में काम कर रहे ठेकेदार कनेक्शन के नाम पर ग्रामीणों से 200 रुपये की वसूली कर रहे थे। विधायक बीसलपुर की जनसभा के दौरान शिकायत सामने आई तो पूरा मामला उजागर हो गया। जेई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बिलसंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि निजी मुचलका भरवाकर उसको छोड़ दिया गया।
पावर कॉरपोरेशन के अवर अभियंता कुलदीप सिंह ने बिलसंडा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि चार जुलाई को गांव जमुनिया में विधायक रामसरन वर्मा द्वारा सभा की जा रही थी। इस बीच शिकायत आई कि सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन देने के नाम पर ग्रामीणों से 200 रुपये की वसूली की जा रही है।इस पर ठेकेदार सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के दुर्गा कॉलोनी निवासी करनदेव शर्मा को बुलाया गया। पूछने पर ठेकेदार ने गलती को स्वीकार भी कर लिया। जिसके बाद पुलिस बुलाकर ठेकेदार की गिरफ्तारी कराई गई। शुक्रवार को जेई से मिली तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
जेई से मिली तहरीर पर आरोपी ठेकेदार करनदेव शर्मा के खिलाफ धारा 384 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसको निजी मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया है। मामले की गहनता से जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।- आशुतोष रघुवंशी, कार्यवाहक थानाध्यक्ष बिलसंडा
दरअसल, सौभाग्य योजना के तहत कराए जा रहे काम का ठेका बजाज लिमिटेड कंपनी को दिया गया है। वही अपने स्तर से अन्य ठेकेदार लगाकर काम करा रही है। आरोपी भी इसी तरह से बजाज से ठेका मिलने पर काम कर रहा था। मामला संज्ञान में आते ही जेई की ओर से रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। - असीम कुमार, अधिशासी अभियंता, पावर कॉरपोरेशन