रामलीला ग्राउंड के पास पलटे ट्रक की चपेट में आकर बिजली का पोल टूट गया और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे शहर की बिजली सप्लाई ठप हो गई। मंगलवार की सुबह से बिजली सप्लाई ठप होने के कारण लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए।
रूपपुर कमालू स्थित 132 केवीए बिजली घर से शहर को बिजली आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे एक ट्रक रामलीला ग्राउंड के पास पलट गया। इससे उसकी चपेट में आकर बिजली का पोल टूट गया और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिस पर शहर के फीडर वन व फीडर टू की सप्लाई ठप हो गई। इससे शहर में पूरे दिन ब्लैक आउट रहा।
सुबह से बिजली गुल हो जाने के कारण लोगों को पानी की काफी दिक्कत हुई। लोग बूंद-बूंद पानी को तरसते रहे। वहीं आर्थिक रूप से संपन्न लोग जनरेटर के सहारे अपना काम चला लिए। उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की, लेकिन बाकी लोेग गर्मी से बचने और पानी को लेकर परेशान रहे। बिजली पर आधारित उद्योग धंधे भी पूरे दिन ठप रहे।
एसडीओ दीपक नेगी ने बताया कि कर्मचारी लाइन को दुरुस्त करने का कार्य कर रहे हैं। देर शाम तक कार्य पूरा होने की उम्मीद है। लाइन के दुरुस्त होने के बाद आपूर्ति चालू की जाएगी।