कलीनगर। जमीन-मकान की रजिस्ट्री-बैनामा के लिए पूरनपुर तहसील की दौड़ जल्द ही थमने वाली है। तहसील क्षेत्र के निवासियों को रजिस्ट्री की सुविधा तहसील में ही मिलेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से कलीनगर तहसील के उप निबंधक कार्यालय के लिए उप निबंधक और कनिष्ठ सहायक के पद सृजित हो गए हैं। उप निबंधक कार्यालय खोलने की मंजूरी पूर्व में ही मिल चुकी है।
कलीनगर में उप निबंधक कार्यालय के संबंध में दिसंबर 2025 में अधिसूचना जारी की गई थी। राज्यपाल की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद जारी इस अधिसूचना में कहा गया था कि पीलीभीत में कलीनगर को नया रजिस्ट्रीकरण उप जिला सृजित किया जाता है। इसमें रजिस्ट्रीकरण उप जिला पूरनपुर के राजस्व गांवों को शामिल किया गया है। कलीनगर में उप निबंधक कार्यालय खुलने से क्षेत्रीय लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इंतजार किया जा रहा था कि कार्यालय को मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद भी इसको लेकर प्रयासरत थे। कार्यालय के लिए उप निबंधक और कनिष्ठ सहायक निबंधन के पद सृजित कर दिए गए हैं। उप निबंधक कार्यालय के व्यय, फर्नीचर, उपकरण, कंप्यूटर आदि के लिए भी निर्देश जारी हुए हैं। संवाद
170 राजस्व गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
कलीनगर उप निबंधक कार्यालय में 170 राजस्व गांवों को शामिल किया है। इन गांवों को पूरनपुर रजिस्ट्री कार्यालय से हटाकर कलीनगर में जोड़ा गया है। निबंधक कार्यालय खुलने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्टांप विक्रेता, बैनामा लेखक और अधिवक्ताओं को भी लाभ होगा। सीमावर्ती गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लगातार ग्रामीण विकास से संबंधित कार्य हो रहे हैं। कलीनगर तहसील में रजिस्ट्री कार्यालय का निर्माण क्षेत्र के विकास एवं जनहित में लिया गया एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।- जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्यमंत्री