200 बेड का नया जिला अस्पताल। संवाद
पीलीभीत। मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में फेस-तीन के तहत 4.91 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। इस धनराशि से मेडिकल कॉलेज में दवाओं की उपलब्धता व जिला अस्पताल के संसाधनों को और सुदृढ़ किया जाएगा। मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा को पत्र के माध्यम से बजट स्वीकृति की जानकारी मिली है। स्वीकृत धनराशि का उपयोग अस्पताल में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं, उपभोग्य सामग्रियों, जांच से संबंधित सामग्री और अन्य चिकित्सीय संसाधनों की समय पर खरीद के लिए किया जाएगा। इससे जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को दवाओं की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इलाज बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगा।
आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ आईपीडी में उपयोग होने वाली दवाओं की नियमित आपूर्ति भी हो सकेगी।
इसके अलावा आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता बढ़ने से जांच और उपचार की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2024-25 में मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को शासन की ओर से 14.73 करोड़ रुपये की धनराशि मिल चुकी है। संवाद