पीलीभीत। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बिजली उपभोक्ताओं की मददगार बन रही हैं। बिजली सखी बनकर खुद की आजीविका को भी मजबूत कर रही हैं। जिले में करीब 231 बिजली सखी बिल जमा करने के काम में लगी हैं। इन महिलाओं को दो हजार रुपये का बिल जमा करने पर 20 रुपये कमीशन मिलता है। दिसंबर में विद्युत सखियों ने दो करोड़ से अधिक धनराशि का बिजली बिल जमा किया।
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एनआरएलएम की ओर से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अलग-अलग काम मुहैया कराए जा रहे हैं। कई महिलाएं बैंक सखी, राशन वितरण, ब्यूटी पार्लर, फॉस्ट फूड कॉर्नर आदि का संचालन कर रही हैं। इसके अलावा करीब 231 महिलाएं बिजली सखी बनकर उपभोक्ताओं का बिजली बिल जमा करा रही हैं। इससे ऊर्जा निगम को फायदा हो रहा। साथ ही महिलाओं की आय भी बढ़ रही है। बिल जमा करने पर महिलाओं को कमीशन मिलता है।
ऊर्जा निगम 24 घंटे में भेजता है बिजली सखी को कमीशन : बिजली सखी को ऊर्जा निगम की ओर से बिजली बिल जमा कराने के बदले पर कमीशन दिया जा रहा है। दो हजार का बिल भुगतान कराने पर उन्हें 20 रुपये कमीशन मिलता है। बरातबोझ की निर्मला देवी ने बताया कि यह कमीशन 24 घंटे के भीतर उनके खाते में आ जाता है।